जालौन। कालपी के नूरपुर गांव स्थित ट्रांसफार्मर से चिपक कर पांच गायों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर और विद्युत विभाग के अफसरों को जानकारी दी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा काटा और विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप मढ़ा। इसके पहले भी तीन गायों की मौत हो चुकी है, लेकिन ट्रांसफार्मर को जमीन से नहीं हटवाया जा रहा है।
मंगलवार देर शाम नूरपुर गांव के बाहर खुले में ट्रांसफार्मर रखा है। ग्रामीण रामबिहारी, तुलाराम, शेख बहादुर ने बताया कि गायें वहां से निकल रही थीं, इसी दौरान आधा दर्जन गाय चिपक गईं। सूचना पाकर जब तक ग्रामीण पहुंचते, गायों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि सूचना के बाद भी विद्युत विभाग के अधिकारी नहीं पहुंच, इस पर ग्रामीणों ने हंगामा काटा और अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाया। कहा कि इसकेे तीन, चार दिन पहले तीन गायोें की मौत हो गई थी। लोगों ने बताया कि कई बार जमीन पर खुले में रखे ट्रांसफार्मर को एकांत जगह पर रखने की मांग की जा चुके है, लेकिन विभागीय अधिकारी सब कुछ जानने के बाद भी अनजान बने हुए हैै। इसका खामियाजा पशुपालकों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि वह अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही की शिकायत डीएम से करेंगे। मांग की गई है कि मुआवजा दिलाया जाए।