उरई। डीसीए जालौन की ओर से आयोजित अंडर 19 तीसरे स्वर्गीय यशोदा नंदन सिरोठिया यूपी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल रविवार को पुलिस लाइन क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ। रोमांचक मुकाबले में फिरोजाबाद ने मुरादाबाद को 133 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने का फैसला मुरादाबाद पर भारी पड़ गया। फिरोजाबाद की शुरुआत साधारण रही। मध्य क्रम में विकेटकीपर बल्लेबाज अभि ने 36 गेंदों पर 82 रन (7 चौके, 7 छक्के) ठोकते हुए मैच का रुख पलट दिया। उनके साथ आकाश ने 24 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाकर विपक्षी गेंदबाज़ों की जमकर खबर ली। शिवांशु ने संयमित 35 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की। निर्धारित 22 ओवरों में फिरोजाबाद ने सात विकेट पर 212 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुरादाबाद की टीम फिरोजाबाद की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। शुरुआत में तेज रनों के बावजूद विकेट गिरने का सिलसिला रुक नहीं पाया। फिरोजाबाद के गेंदबाज हमजा ने मात्र 15 रन देकर 6 विकेट चटकाए। उनके साथ ब्रजनंदन गौतम ने भी 4 विकेट हासिल किए। पूरी टीम 9.5 ओवर में केवल 79 रन पर ढेर हो गई। मैच एकतरफा अंदाज में फिरोज़ाबाद ने जीत लिया। इस प्रदर्शन के चलते फिरोजाबाद ने खिताब जीता।
विजेता फिरोजाबाद व उप विजेता मुरादाबाद की टीम को कैश मनी और ट्रॉफी और उपहार डीसीए अध्यक्ष के रविंद्र नायक व डीएम राजेश कुमार पांडेय, एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार, यूपीसीए निदेशक श्यामबाबू, टूर्नामेंट संयोजक प्रदीप सिरोठिया ने प्रदान की। प्लेयर ऑफ द मैच हमजा को दिया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष विनोद चतुर्वेदी, सुरेश निरंजन, विकास कुमार, विनय कुमार सिंह, हरेंद्र विक्रम सिंह, इंद्रमणि, उदयवीर सिंह, डॉ. राकेश रंजन, डॉ. वीरेंद्र कुमार, अभय सिंह, ओमवीर, सागर यादव, अविनाश आदि रहे।
वहीं, दूसरी ओर चीफ जस्टिस जगदीश भल्ला ऑल इंडिया टूर्नामेंट डीसीए अध्यक्ष ने ट्रॉफी का विमोचन किया। टूर्नामेंट सोमवार से शुरू होगा।