शहर के ओवरब्रिज के पास खराद कारखाने में आग लगने से जले उपकरण।
- फोटो : अमर उजाला
राठ रोड स्थित एक खराद के कारखाने में सोमवार देर रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री में रखे करीब 6 लाख के उपकरण व सामान जलकर राख हो गए। आग लगने की सूचना फैक्ट्री कर्मियों व स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियाें ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर
काबू पाया। मुहल्ला पटेलनगर निवासी नसीम खान की राठ रोड ओवरब्रिज के पास खराद की दुकान है। सोमवार देर रात करीब 12 बजे कारखाने में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देख असापास के दुकानदारों ने नसीम को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे नसीम ने आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल दमकल कर्मियाें को इसकी सूचना दी।
सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। खराद फैक्ट्री के मालिक नसीम के अनुसार इस अग्निकांड में फैक्ट्री में छह लाख रुपये की मशीन व सामान आदि जलकर राख हो गया।
आग बुझाने में आई दिक्कत
खराद फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से लगी आग को बुझाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मी इस बात को लेकर सशंकित थे कि कहीं फैक्ट्री में बिजली न दौड़ रही हो और पानी पाकर वह फैल जाए। इसलिए एहतियातन आग बुझाने के पूर्व पहले बिजली कनेेक्शन कटवाया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाना शुरू किया।