कुठौंद (जालौन)। शार्ट सर्किट से घर के कमरे में आग लग गई। जिससे कमरे में रखा गेहूं व गृहस्थी का सामान जलने लगा और वहीं पास में खड़ी ईको वैन कार को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इसकी जानकारी जब घर में सो रहे लोगों को हुई तो लोगों शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी दौड़े और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी से छह लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
कुठौंद थाना क्षेत्र ग्राम नैनापुर निवासी मुलायम सिंह पुत्र जगत सिंह परिवार के साथ रविवार की रात घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। तभी उनके बाहर वाले कमरे में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटों ने कमरे के बाहर खड़ी ईको कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। घर में सो रहे गृह स्वामी की जब देर रात आंख खुली तो उसने देखा की घर के कमरे से आग की लपटें निकल रही हैं।
यह देख उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुन परिजन व पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और धू धूकर जल रहे कमरे व कार की आग बुझाने में जुट गए। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक घर में रखा गेहूं, गृहस्थी का सामान, कपड़े व कमरे के बाहर खड़ी ईको कार जल चुकी थी। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। आगजनी से लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।