उरई। शहर के मोहल्ला लहरिया पुरवा में शुक्रवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से फ्रिज में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना पर जेल चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों के आने से पहले ही बचाव कार्य शुरू कर दिया। घर में रखा गैस सिलिंडर आग की चपेट में आने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकलवाया। इससे बड़ा हादसा बच गया।
लहरिया पुरवा निवासी नीतीश परिहार के घर में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग फैलने पर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे जेल चौकी प्रभारी हरिशंकर तिवारी ने पुलिस टीम के साथ समरसेबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
इसी दौरान घर में रखा गैस सिलिंडर भी खतरे की जद में आ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सिलिंडर को घर से बाहर निकलवाया।
कुछ देर बाद दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले उमरार खेड़ा में आग के दौरान गैस सिलिंडर फटने से कई लोग घायल हो गए थे। ऐसे में लहरिया पुरवा की घटना में समय रहते सिलिंडर बाहर निकालना महत्वपूर्ण साबित हुआ।