कोंच। तहसील क्षेत्र के ग्राम रतनपुरा में बुधवार की मध्य रात एक छप्पर वाले कच्चे घर में आग लग गई। उसमें रखी सवा लाख रुपये कीमत की हरी मटर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया।
ग्राम रतनपुरा निवासी पुन्नूलाल 15 वर्षों से रामगोपाल कुशवाहा का छप्पर वाला कच्चा घर उपयोग में लिए हुए हैं। वह यहां उपज और अन्य सामान रखते हैं। देर रात अचानक छप्पर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरे घर को चपेट में ले लिया। लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सबमर्सिबल की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखी करीब 28 क्विंटल हरी मटर, जिसकी कीमत लगभग सवा लाख रुपये बताई जा रही है जो जलकर नष्ट हो चुकी थी। साथ ही अन्य सामान भी राख हो गया। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग बुझा ली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। (संवाद)