उरई। नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा किसान को तब भुगतना पड़ा, जब पालिका के कूड़े के ढेर से उठी लपटों ने उसकी दो बीघा फसल को राख कर दिया। किसान और सभासद ने सुबह नौ बजे ही पालिका ईओ को आग लगने की सूचना दी थी। सभासद का कहना है कि ईओ ने न केवल लापरवाही बरती, बल्कि आग बुझाने से भी मना कर दिया।
शहर के चुर्खी रोड पर नगर पालिका का कूड़ा डंपिंग ग्राउंड सालों से बना है। कूड़ा बढ़ने पर हर माह उसमें आग लगा दी जाती है। इसके चलते शुक्रवार सुबह पालिका कर्मियों ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी। किसान महाराज सिंह कुशवाहा और वार्ड नंबर चार के सभासद उपेंद्र यादव ने जब आग की लपटें देखीं तो तुरंत ईओ से संपर्क किया। ईओ ने कहा कि आग खुद ही बुझ जाएगी।
तब किसान ने खुद आग पर काबू पाने की कोशिश की और पाइप लाइन लेकर नलकूप तक पहुंचा, लेकिन तब तक आग ने उसके खेत को चपेट में ले लिया। जब तक आग बुझाने की व्यवस्था की जाती, तब तक उसकी मेहनत जलकर राख हो चुकी थी। किसान ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल दोपहर तीन बजे पहुंची, जब तक दो बीघा फसल पूरी तरह जल चुकी थी। किसान के अनुसार, इस हादसे में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सभासद उपेंद्र यादव ने बताया कि नगर पालिका की यह मनमानी नई नहीं है। हर दो सप्ताह में इन कूड़े के ढेरों में आग लगा दी जाती है, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। ईओ राम अचल कुरील ने कहा कि कूड़े के डंप में कर्मचारी ने आग नहीं लगाई है। अगर किसी कारण लग गई होगी तो जानकारी करेंगे।