कुठौंद। थाना क्षेत्र के भदेख जंगल में स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के पास बुधवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। जंगल के अंदर से फैलती आग धीरे-धीरे खेतों में खड़ी फसलों की ओर बढ़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
खेतों में काम कर रहे लोगों ने जब आग की लपटें देखीं, तो लोग तुरंत जंगल की ओर दौड़ पड़े और आग बुझाने में जुट गए। दोपहर के समय हवा तेज होने से आग और भड़क गई, जिससे काबू पाना मुश्किल हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल की गाड़ी देरी से मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को खेतों की ओर बढ़ने से रोक लिया। हालांकि, बीहड़ के खराब रास्ते के कारण दमकलकर्मी जंगल के निचले हिस्से तक नहीं पहुंच सके और वहां लगी आग नहीं बुझा पाए। जंगल में आग अभी भी धधक रही है और धुआं उठ रहा है। प्रधान प्रेम सिंह पाल ने बताया कि ग्रामीण स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को डर है कि अगर आग पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो यह फसलों तक पहुंचकर बड़ा नुकसान कर सकती है।