कालपी। जोल्हूपुर चौराहे के पास हाईवे पर डंपर की टक्कर से हुई लोकेंद्र सिंह (45) की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को मौके से कब्जे में ले लिया था, जबकि चालक भाग निकला था। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।
लुहरगांव निवासी राजा सिंह सेंगर ने मंगलवार देर शाम पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनके चचेरे भाई लोकेंद्र सिंह नौ अक्तूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे जोल्हूपुर चौराहे से पहले स्थित जय श्रीराम आरओ वाटर की दुकान के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान कालपी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर के चालक ने बिना हॉर्न बजाए पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला था। अब तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्जकर चालक की तलाश की जा रही है।