उरई। अनुबंध के बाद भी जिले के मेडिकल कालेज को ऑक्सीजन सिलिंडरों की सप्लाई न करने के आरोप में संबंधित एजेंसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि मेडिकल कालेज प्राचार्य की तहरीर पर एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि अस्पतालों में ऑक्सीजन की लगातार हो रही कमी को देखते हुए करीब एक सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया था। जिसमें उन्हें बताया गया कि झांसी स्थित गौरी एजेंसी से ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने के कारण ऑक्सीजन की दिक्कत हो रही है। इस पर डीएम ने मौके पर ही अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए थे कि संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। डीएम के ही निर्देश पर गुरुवार को मेडिकल कालेज प्राचार्य डी नाथ की ओर से एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
प्राचार्य ने बताया कि फिलहाल उनके मेडिकल कालेज में ऑक्सीजन की बहुत अधिक किल्लत नहीं है। इस वक्त झांसी की एजेंसी के अलावा हमीरपुर से भी सप्लाई ली जा रही है। पूरे में उरई कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आज आएगी रेमडेसिविर इंजेक्शन की खेप
मेडिकल कालेज प्राचार्य डी नाथ ने बताया कि फिलहाल रेमडेसिविर का स्टाक खत्म होने को है। इसके लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। संभावना है कि शनिवार तक रेमडेसिवर इंजेक्शनों की नई खेप मेडिकल कालेज पहुंच जाएगी। इसके बाद जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकेगा।