संडीला। नगर के मोहल्ला महतवाना में सभासद समेत तीन लोगों ने भूमि विवाद में एक शख्स की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सभासद समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
महतवाना निवासी अनुज जायसवाल ने पुलिस से शिकायत की है। इसमें बताया कि नगर के मोहल्ला बड़ा कुआं निवासी मन्नान अहमद, सभासद आफताब और भोलू से भूमि विवाद चल रहा है। दावा है कि रविवार दोपहर तीनों आरोपी उनके घर आए और उनसे बातचीत करने की बात कह कर उन्हें स्टेशन रोड की ओर ले गए। वहां आरोपी अनुज को गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। अतिरिक्त निरीक्षक इंद्रेश कुमार ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच की जा रही है। (संवाद)