माधौगढ़। पूर्ति निरीक्षक ने राशन की कालाबाजारी पर माधौगढ़ के गढ़ा रामपुरा गांव के कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। माधौगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव गढ़ा रामपुरा के कार्डधारक राम कुंअर, रामसखी, गुड्डी देवी, राजाबेटी, सुनीता, रामशंकर, वंदना, आरती, योगेंद्र, फूलकुंअर, रेखा, सीमा सहित दो दर्जन कार्डधारकों ने पूर्ति निरीक्षक अमोल सिंह से शिकायत की कि कोटेदार संतोष कुमार अप्रैल माह का राशन नहीं दे रहे है। सूचना पर पूर्ति अधिकारी अमोल सिंह, लिपिक जय चतुर्वेदी व नोडल अधिकारी बने ग्राम विकास अधिकारी संजीव कुमार जोशी ने राशन की दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में गेहूं, चावल, मिट्टी का तेल का स्टाक शून्य होने के संबंध में कोटेदार से जब पूछा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
दुकान के निरीक्षण में अंत्योदय, पात्र गृहस्थी योजना अंतर्गत वितरण के लिए आवंटित 26.84 क्विंटल गेहूं, 18.36 क्विंटल चावल जो विक्रेता की उचित दर दुकान पर उपलब्ध होना चाहिए था, वह भी नहीं मिला। उसकी कालाबाजारी की गई। पूर्ति निरीक्षक ने कार्डधारकों के बयान दर्ज कर कोटेदार संतोष कुमार के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया है। जिससे कोटेदारों में हड़कंप मच गया है। कोतवाल जेपी पाल का कहना है कि मुकदमा पंजीकृत कर दिया है, आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।