उरई/माधौगढ़। पान मसाला न देने पर युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। एक गुट के हवाई फायरिंग करने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। बोलेरो में भी तोड़फोड़ हुई और दो युवक घायल हैं। पुलिस दोनों पक्षों के सात लोगों को पकड़कर कोतवाली ले गई। इंस्पेक्टर रामपुरा संजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है और हवाई फायरिंग की भी बात गलत है, सिर्फ मामूली मारपीट हुई है।
रामपुरा रोड पर पूरनपुरा मोड़ के पास पर चाय की छोटी से दुकान है। बुधवार देर शाम रामपुरा निवासी तीन युवक शराब के नशे में धुत होकर दुकानदार के पास पहुंचे और पान मसाला मांगा। दुकानदार ने पैसा मांगा तो नशेबाजों ने अभद्रता शुरू कर दी। इस पर दुकानदार की उनसे कहासुनी हो गई। देखते ही देखते युवक दुकानदार से मारपीट करने लगे तो आसपास के दुकानदार आ गए। इस बीच नशेबाजों ने अपने साथियों को फोन कर दिया।
इसके बाद जगम्मनपुर गांव के युवक बोलेरो पर सवार होकर पूरनपुरा पहुंचे और चाय की दुकान पर बैठे लोगों को पीटना शुरू कर दिया। यह देख ग्रामीणों ने नशेबाज व उनके साथियों को ललकारते हुए घेर लिया और हाथापाई शुरू कर दी और बोलेरो में भी तोड़फोड़ कर दी। बताते हैं कि इसके बाद युवक हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची रामपुरा पुलिस सात युवकों को पकड़ कर कोतवाली ले आई, लेकिन मामला दर्ज करने के बजाए दोनों पक्षों की पंचायत कराने में जुट गई। गुरुवार शाम इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। हवाई फायरिंग की बात झूठी है।