उरई। भारतीय किसान यूनियन ने कृषि विभाग पर खाद वितरण का प्रबंधन ठीक नहीं होने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट पहुंचकर नौ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। समस्या हल न पर आंदोलन की चेतावनी दी।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष साहब सिंह चौहान, प्रांत मंत्री शिवराज सिंह, जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि सहकारी समितियों में खाद नहीं मिल रही है। निजी दुकानों पर महंगे दाम पर बेची जा रही है। कीट के प्रभाव से दलहनी फसलों को नुकसान हो रहा है। माधौगढ़ में नहर कटने से सैकड़ों एकड़ फसल को नुकसान हो रहा है।
जालौन गल्ला मंडी में धान खरीदने पर नकद भुगतान में दो फीसदी की कटौती कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इसी प्रकार तौल में भी शोषण किया जा रहा है। सहकारी समिति रूरा सिरसा में सालों पहले हुए गबन मामले में सचिव बंद है। 13 गांवों के किसानों को लाभ नहीं मिल रहा है। सहकारी समिति चालू होनी चाहिए। सिद्धपुरा गांव में बने भवन में खाद भेजी जाए।
अन्ना गोवंशों और आवारा जानवरों से फसलें नष्ट हो रही हैं। किसानों से संबंधित बैठकों में अधिकारी नहीं आते हैं। पूर्व में किसानों की समस्याओं के लिए तत्कालीन डीएम ने निर्देश जारी किए थे, कोई समाधान नहीं हुआ। इस दौरान रामबाबू सिंह, राघवेंद्र सिंह, बृजेंद्र सिंह, आनंद तिवारी मौजूद रहे।