फोटो - 01 मृतक राजेंद्र सिंह की फाइल फोटो।
सिरसा कलार। बेटी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस जांच में जुटी है। ग्रामीण की बेटी की 21 जून को शादी है। वह हेलमेट लगाए था।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ऊद गांव निवासी राजेंद्र सिंह (42) की बड़ी बेटी अलका की शादी 21 जून को है। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटने गए थे। देर शाम लौटते समय गांव के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बताया कि उनकी तीन बेटियां व एक बेटा है। वह खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि सभी लोग शादी की तैयारियों में खुशी थे। पिता भी बेटी की शादी को लेकर आगे बढ़कर लगे थे। उनकी मौत की सूचना से पत्नी बुद्धश्री सहित अन्य परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
भगवान मुझे किस कसूर की तूने दी है सजा
जैसे ही पिता की मौत की जानकारी परिजनों को लगी तो घर में कोहराम मच गया। शादी को लेकर खुशी अलका को पिता के बारे में जानकारी मिली तो वह दहाड़े मारकर रोने लगी, वह बार-बार बेसुध हो रही थी, वह ऊपर देखकर यही कर रही थी कि भगवान मुझे किस कसूर की तूने दी है सजा। अब कौन करेगा उसका कन्यादान। नजारा देख आसपास के परिजन भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे।