कोंच। करीब दो माह से बिजली समस्या झेल रहे नदीगांव कस्बा के लोग सोमवार को भड़क गए। नाराज लोगों ने सुभाष चौराहे पर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम, एक्सईएन बिजली और थाना पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया।
सोमवार सुबह नदीगांव कस्बे के सैकड़ों लोग सुभाष चौराहे पर इकट्ठा हो गए और हंगामा काटने लगेे। कस्बे वासियों का कहना था कि ग्रामीण इलाकों का फीडर ओवरलोड होने के कारण करीब दो माह पहले महेेशपुरा फीडर से रूरल की लाइन जोड़ दी थी।
आपूर्ति न सुधरने पर अधिकारियों नेे सुभाष चौराहे के पास ग्रामीण क्षेत्र का लोड नदीगांव टाउन की लाइन पर डाल दिया। इस बदलाव से ग्रामीण क्षेत्र की सप्लाई तो दुरुस्त हो गई लेकिन टाउन की आपूर्ति गड़बड़ा गई।
आरोप है कि अभी तक मौसम में ठंडक होने से उन लोगों को ज्यादा समस्या नहीं हुई लेकिन अब गर्मी बढ़ रही है। इससे दिक्कत हो रही है। इसलिए टाउन फीडर से ग्रामीण की सप्लाई हटाई जाए।
हंगामे की खबर पर एसडीएम अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत सुभाष सचान, अवर अभियंता मोहित सोनी आदि मौके पर पहुंच गए थे। नदीगांव एसएचओ रूप कृष्ण त्रिपाठी भी दल बल के साथ पहुंचे।
एसडीएम ने लोगों को 15 अप्रैल तक इस व्यवस्था को बहाल रहने पर किसी तरह राजी किया। इसके बाद टाउन की आपूर्ति पहले की तरह कराने का आश्वासन दिया है। एसडीएम के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष भानुप्रकाश वर्मा, बलराम, पवन झा, संतोष, कुलदीप, पप्पू, रामकिशोर आदि मौजूद रहे।