उरई। किसान नेताओं ने मंगलवार को सिंचाई बंधु की बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद वह डीएम से मिले। उनका आरोप था कि बैठक में सीडीओ ने किसानों की संख्या को देखकर उन्हें शासनादेश का हवाला दिया। साथ ही उनकी समस्याओं को भी नहीं सुना। इस पर उन्होंने बहिष्कार कर दिया।
विकास भवन में सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष महेंद्र चंद्र पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही थी। तभी सीडीओ केके सिंह ने किसानों की ज्यादा संख्या देखते हुए कहा कि इतनी संख्या कैसे है। इस पर किसान नेता नाराज हो गए। उनका कहना था कि वह 15 वर्षो से सिचाई बंधु की बैठक में जा रहे हैं, आज तक उनके साथ कभी इस तरीके का व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सीडीओ ने शासनादेश का हवाला दिया कि बैठक में केवल सभापति व सदस्य ही रह सकते हैं। बाकी किसी का कोई काम नहीं है। इस पर उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस दौरान किसान नेता राजवीर जादौन, साहब सिंह चौहान, सूर्य नायक आदि मौजूद रहे। वहीं सीडीओ केके सिंह का कहना है कि शासनादेश में सभापति व सदस्यों को ही बैठने का प्रावधान है। लेकिन बैठक में किसान नेताओं के आ जाने पर उन्होंने सभी को बैठक में बैठने के लिए कहा था।