जालौन। खेत पर बकरियां चराने गए वृद्ध किसान की करंट से मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने जालौन बंगरा मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। साथ ही बिजली विभाग से वृद्ध के परिजनों को मदद दिलाने का भी आश्वासन दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर निवासी कालीचरण पुत्र ललई (66) बकरियों को चराने के लिए जाते थे। शनिवार सुबह बकरियां चराते दमां मौजा में स्थित आशीष के खेत पर पहुंचे। वहां ट्रांसफॉर्मर का टूटा हुआ तार पड़ा था। इस बीच तार की चपेट में आने पर करंट से गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास काम कर रहे लोगों ने जब देखा तो उनके पुत्र लालसिंह व राघव सिंह को खबर दी। परिजन उन्हें सीएचसी ला रहे थे तभी कालीचरण ने दम तोड़ दिया।
जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो वे उत्तेजित हो गए। आक्रोशित पत्नी महादेवी के साथ ग्रामीणों ने जालौन बंगरा मार्ग पर जाम लगा दिया। उधर, सूचना पर एसडीएम गुलाब सिंह, सीओ विजय आनंद के साथ प्रभारी कोतवाल अनिल कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने परिजनों को आश्वासन दिया कि वह बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर उन्हें मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान लगभग एक घंटे तक ग्रामीण जाम लगाए रहे। आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर दो पहिया व चार पहिया वाहन जाम में फसे नजर आए।