फोटो-07 वायरल वीडियो का स्कीन शॉट। स्रोत सोशल मीडिया
= मारपीट में महिला समेत तीन घायल, घटना का वीडियो वायरल दोनों पक्षों के नौ लोगों पर एनसीआर, पांच का चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
कोंच/पहाड़गांव। कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरी में पैतृक जमीन के विवाद को लेकर सगे भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव निवासी इस्माइल और ईशाक के बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। सूचना पर पहुंची कैलिया थाना पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के इस्माइल, अरबाज, निरोज, सलीम, ईशाक, नासिर, शफी, मकबूल और जीशान समेत नौ लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। वहीं अरबाज, निरोज, ईशाक, नासिर और जीशान का शांति भंग में चालान किया गया है।