उरई। जिला महिला अस्पताल में ड्यूटी पर देरी से आने वाले डॉक्टरों समेत नौ कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमएस डॉ. सुनीता बनौधा बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर मंगाया, जिसमें कई स्टाफ के हस्ताक्षर नहीं थे। इस पर उन्होंने नियमित स्टाफ में फार्मासिस्ट पुष्पेंद्र सिंह, एएनएम शकुंतला व पि्रयंका, मेट्रन सुजाता मसीह, चिकित्सक डॉ. अजय खरे, डॉ. फातिमा, डॉ. संगीता एवं संविदा कर्मचारी कंप्यूटर आपरेटर इरशाद व नर्स निकिता का स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि स्टाफ से कह दिया गया है कि वह समय से ड्यूटी पर पहुंचे और विधिवत ड्रेस में आए। मरीजों के साथ भी शालीनता का व्यवहार करें। किसी तरह की शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।
अस्पताल में बिना काम घूम रही महिला को पकड़ा
उरई। जिला महिला अस्पताल में मरीजों को बरगलाकर प्राइवेट निजी नर्सिंग होम ले जाते हैं।वहां उनका आर्थिक शोषण होता है। लगातार मिल रही शिकायतों पर सीएमएस डॉ. सुनीता बनौधा ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने एक महिला को पकड़ भी लिया। वह अस्पताल गेट पर आकर हंगामा काटने लगी ।इसके बाद वह चकमा देकर चली गई। सीएमएस का कहना है कि दलालों पर रोकथाम के लिए पुलिस से मदद मांगी गई है। अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत करा दिया गया है।