प्लास्टिक पालिथीन पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को नगर पालिका के अधिकारियों ने शहर में अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों दुकानों से पालिथीन जब्त की गई और इसके साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर वह दोबारा इसका प्रयोग करते मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। न्यायालय के आदेश पर प्रदेश सरकार द्वारा
प्लास्टिक पालिथीन पर छह माह पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। बावजूद इसके प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। हालांकि पालिका द्वारा समय समय पर अभियान चलाया जाता है। शुक्रवार को फिर से पालिका ईओ रविंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम अभियान चलाने निकली। सबसे पहले वह गोपालगंज
स्थित सब्जी मंडी पहुंचे। यहां पर सब्जी की दुकानों पर चेकिंग की गई तो अधिकांश दुकानदारों के पास पालिथीन मिली। इसके बाद जिला परिषद स्थित सब्जी मंडी व अन्य दुकानों पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया । करीब 35 किलो पालिथीन जब्त की गई। पालिका के अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इसके साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि
अगर दोबारा उनके पास पालिथीन मिली तो उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। इस बारे में ईओ रविंद्र कुमार ने बताया कि आगे भी अभियान जारी रहेगा। अगर दुकानदार पालिथीन का उपयोग बंद नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।