उरई। हर घर तिरंगा कार्यक्रम भव्यता एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी है। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने एनआईसी सभागार में बैठक कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान दो अगस्त से 15 अगस्त तक तीन चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण दो से आठ अगस्त तक स्कूलों की दीवारों, नगर व ग्राम स्तर पर वार्डों को तिरंगा प्रेरित चित्रकारी एवं कलाकृतियों से सजाया जाएगा। इस अवधि में स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा राखी निर्माण कार्यशालाएं एवं सैनिकों और पुलिसकर्मियों के लिए आभार पत्र लिखकर डाक विभाग के माध्यम से राखी भेजने जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
दूसरा चरण नौ से 12 अगस्त तक चलेगा। इसमें तिरंगा थीम पर आधारित मेला व सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। जिसमें कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी। तिरंगा मेला में ग्रामीण विकास विभाग के स्वयं सहायता समूहों एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग से जुड़े स्थानीय उत्पादों, ओडीओपी व तिरंगा रंग आधारित वस्तुओं की बिक्री को प्रोत्साहन मिलेगा। सेल्फी बूथों की स्थापना भी की जाएगी। तृतीय व अंतिम चरण 13 से 15 अगस्त तक चलेगा। जिसमें समस्त शासकीय भवनों, शिक्षण संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों, पुलों आदि पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए जाएंगे। रात्रिकालीन तिरंगा प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। (संवाद)