कोंच। नगर पालिका की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान अधिशासी अधिकारी (ईओ) का दुपट्टा खींचने के मामले में संबंधित महिला के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। ईओ मोनिका उमराव ने मंगलवार को पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान महिला ने धक्का-मुक्की कर अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
सोमवार दोपहर गांधी नगर स्थित सिंह वाहिनी मंदिर के सामने नगर पालिका की नवीन परती भूमि पर वर्षों से किए गए कब्जे को हटाने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई में एसडीएम वीरेंद्र गुप्ता, सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इस दौरान परती भूमि पर बने तीन अस्थायी मकानों को बुलडोजर से हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान बस्ती की कुछ महिलाओं ने विरोध जताया और अधिकारियों से तीखी बहस की। इसी बीच गुड्डी देवी नामक महिला पर ईओ का दुपट्टा खींचने का आरोप है। मौके पर मौजूद पालिका कर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। नगर पालिका के अनुसार मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत उक्त भूमि पर लगभग 16 लाख रुपये की लागत से गौतम बुद्ध पार्क का निर्माण प्रस्तावित है, जो अतिक्रमण के चलते लंबे समय से लंबित था।
परिवार के सदस्य सरकारी सेवा में
ईओ ने बताया कि संबंधित महिला के परिवार के सदस्य सरकारी सेवा में रह चुके हैं। उनका बेटा कोंच से सेवानिवृत्त लेखपाल है, जबकि नाती रेलवे में कार्यरत है। नगर पालिका क्षेत्र में इनके नाम से पक्का मकान भी दर्ज है, जिसका हाउस टैक्स नियमित जमा किया जाता है। आरोप है कि कई वर्ष पूर्व परती भूमि पर उपले पाथने और पशु बांधने के नाम पर कच्चा निर्माण शुरू किया गया, जो बाद में स्थायी कब्जे में बदल गया।
वर्जन
तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। - ब्रजेश बहादुर सिंह। कोतवाल कोंच