फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: समय पर नहीं पहुंचे कर्मचारी, डीएम ने 48 का वेतन रोका

Sat, 03 May 2025 12:56 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
विज्ञापन
विज्ञापन
उरई। सरकारी फरमानों को दरकिनार कर लगातार कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं। समय पर कार्यालय में न बैठकर बेसमय आकर चले जाते हैं। अमर उजाला ने पालिका में कर्मचारी समय पर नहीं बैठ रहे, फरियादी परेशान हो रहे..खबर को प्रकाशित की तो डीएम ने संज्ञान में लिया। उन्होंने पालिका सहित कई कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों सहित 48 कर्मचारी नदारद मिले। जिलाधिकारी ने इनका एक दिन का वेतन रोककर स्पष्टीकरण मांगा है।
विज्ञापन

नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी लगातार लापरवाही बरत रहे है, स्वयं ईओ समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते हैं। दस बजे आफिस आने का समय होने के बाद भी कर्मचारी 11 बजे कार्यालय पहुंच रहे हैं। इससे फरियादी घंटों परेशान होते हैं। इस समस्या को लेकर अमर उजाला ने 30 अप्रैल के अंक में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कक्ष में ताला, फरियादी परेशान शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर संज्ञान में लेकर शुक्रवार को डीएम राजेश कुमार पांडेय सुबह 10:10 बजे सबसे पहले प्रांतीय खंड कार्यालय पहुंचे, जहां नौ कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
लोक निर्माण विभाग प्रथम में 11, डीआईओएस कार्यालय में जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित 11 कर्मचारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दो, नगर पालिका उरई में अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, कर निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, निर्माण बाबू मैथिलीशरण गुप्ता समेत आठ व विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय उरई में अधिशासी अभियंता जितेंद्र नाथ सहित सात कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए।
विज्ञापन

इन सभी का वेतन रोककर स्पष्टीकरण मांगा गया है। निरीक्षण में प्रांतीय खंड कार्यालय और नगर पालिका में गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने टूटी कुर्सियों, गंदगी और सामान के अनुचित रखरखाव देख सख्ती के साथ निर्देश दिए। पालिका में कई जगह गुटखा की पीक मिली, जिस पर फटकार लगाई है।


पालिका में शिकायत निस्तारण में मिली लापरवाही
नगर पालिका में स्थापित डेडिकेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर की समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया संतोषजनक नहीं पाई गई। तैनात कर्मचारी कोई स्पष्ट विवरण नहीं दिखा सके। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए एक रजिस्टर बनाया जाए, जिसमें शिकायतकर्ता का नाम, समय, दिनांक व निस्तारण की स्थिति का विवरण दर्ज किया जाए। सेंटर के दो कर्मचारी गायब मिले, जिस पर नाराजगी जताई गई।


जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कक्ष के कर्मचारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
जिलाधिकारी ने जब स्वयं ही मामले का संज्ञान लिया, तब ईओ को याद आया कि वह भी अधिकारी हैं और उनकी भी कोई जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जन्म-मृत्यु के कर्मचारी लेट आ रहे हैं। इसको लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। तीनों कर्मचारियों को नोटिस भी दिए जा रहे हैं। एक दिन का वेतन भी काटा जाएगा। सभी कर्मचारियों को हिदायत दी जाएगी। वहीं, जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद भी कई कर्मचारी 11 बजे तक कार्यालय पहुंचे। उन्हें औचक निरीक्षण और वेतन रुकने की जानकारी ही नहीं मिली थी।


खराब पड़ा वाटर कूलर, अब ईओ को आई याद
जिलाधिकारी जब कार्यालय पहुंचे तो पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं दिखी। इससे जो फरियादी कार्यालय पहुंचते हैं, उन्हें स्वयं ही पानी का इंतजाम करना पड़ता है। पालिका के पास कोई इंतजाम नहीं है, जिससे फरियादियों को गर्मी में परेशान होना पड़ता है। वहीं, जो वाटर कूलर पालिका में लगा हुआ था, वह एक साल से खराब पड़ा हुआ है। जिलाधिकारी ने सफाई और पानी को लेकर फटकार लगाई, तो ईओ को वाटर कूलर सही करवाने और नया लगवाने की याद आई। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर ही पालिका परिसर में नया वाटर कूलर लगवाया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार से बोल दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें