माधौगढ़। बिजली निगम के अधिकारियों ने बिल जमा न होने पर चार गांवों की बिजली काट दी। इससे सात हजार की आबादी बिना बिजली के हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत भेजकर बिजली चालू कराए जाने की मांग की है।
इस समय बिजली निगम बिजली एकमुश्त समाधान योजना के तहत बिल में छूट को लेकर गांव-गांव बिजली शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण भगवान सिंह, अशोक पचौरी, प्रमोद याज्ञिक, उपेंद्र भदौरिया, पंकज शुक्ला का कहना है कि बिजली निगम के अधिकारियों ने चार गांवों की बिजली मंगलवार की रात काट दी गई। इससे चार गांवों की लगभग सात हजार की आबादी अंधेरे में है। बिजली न होने से छात्रों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। अगले महीने बोर्ड की परीक्षा भी है। बिजली न होने से शाम से ही गांव अंधेरे में डूब जाते हैं।
एसडीओ उमाशंकर सक्सेना का कहना है कि खराला, अकबरपुरा, रूदपुरा, पूरनपुरा गांवों में बिजली शिविर का आयोजन किया गया। इन गांवों के उपभोक्ताओं ने एक भी पैसा बिजली बिल का जमा नहीं किया। बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाकर बिजली काट दी गई। शाम को बिजली जलती पाई गई, जबकि शासन की मंशा है कि गांवों में 50 प्रतिशत बिल जमा होना चाहिए। इन गांवों में 20 प्रतिशत भी बिजली जमा नहीं है। तहसील क्षेत्र में लगभग 10-15 गांव ऐसे हैं, जहां बिजली बिल जमा नहीं किए गए,उन गांवों को नोटिस देने के बाद बिल जमा न होने बिजली काट दी जाएंगी।