आटा। 33 केवी लाइन का केबल बॉक्स खराब हो जाने से आटा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 14 गांवों की बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे तक ठप रही। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का संकट हो गया।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे हाईवे स्थित गोविंदम होटल के पास 33 केवी लाइन का जर्जर केबल बॉक्स अचानक खराब हो गया। इसके चलते आटा उपकेंद्र से जुड़ी आपूर्ति बाधित हो गई। चमारी, आटा, पिपरायां, जोरखेरा, भभुआ, अकोढ़ी, पांडेयपुर, संदी, तगारेपुर सहित 14 गांवों की बिजली गुल रही। पूरे दिन बिजली न आने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई।
घरों में लगी पानी की मोटर नहीं चल सकी। वहीं, खेतों में इस समय फसलों की सिंचाई का कार्य चल रहा है, लेकिन बिजली कटौती से किसानों की सिंचाई भी प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची और लाइनमैनों द्वारा खराब केबल बॉक्स को बदला गया। मरम्मत कार्य के दौरान एक घंटे की अतिरिक्त कटौती भी की गई। शाम के समय आपूर्ति बहाल की गई।
बिजली निगम के जेई नवनीत अग्रवाल ने बताया कि केबल बॉक्स जर्जर था, जिसे बदल दिया गया है। अब बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई है।