कोंच। पंखे में अचानक करंट आने से वृद्ध दंपती की चिपककर मौत हो गई। घटना के समय दोनों अकेले ही थे, चीख सुनकर गांव का ही व्यक्ति जब उनके घर पहुंचा तो दोनों को मृत अवस्था में देखकर शोर मचाया तो गांव में खलबली मच गई।
कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुरा निवासी लालता वर्मा (60) शनिवार सुबह फर्राटा पंखे को चालू कर रहे थे, तभी पंखे के करंट की चपेट में आकर चिपक गए। पति को पंखे से चिपकता देख पत्नी शांति देवी (55) ने पड़ोसी को आवाज देकर उन्हें खींचकर बचाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आ गईं। इससे दोनों की मौत हो गई। पड़ोसी लगभग साढ़े आठ बजे उनके पुत्र देशराज को बुलाने आया तो कमरे में दंपती मृत अवस्था में पड़े थे। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि मृतक के तीन पुत्र हैं, इनमें दो पुत्र रामकुमार व शिवकुमार बाहर रहते हैं जबकि तीसरा देशराज गांव में दूसरे मकान में रहता है। मृत दंपती भोजन करने के लिए बेटे के घर जाते थे और रात में सोने के लिए इस घर में आ जाते थे। एक साथ दो मौतों से गांव में मातम पसर गया। एक साथ दंपती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। हर कोई बस एक साथ ही बात कहे जा रहा था कि भगवान एक साथ दोनों को ही छीन लिया। लोगों ने बताया कि दोनों में बहुत प्रेम था।