फोटो - 18 यमुना नदी स्थित जुहीखा पुल पर खड़ी बुजुर्ग की बाइक। संवाद
रामपुरा (उरई)। थाना क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर के पास स्थित जुहीखा पुल पर एक बुजुर्ग की बाइक, कपड़े और डायरी संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। सामान लावारिस हालत में मिलने के बाद यमुना नदी में कूद जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है।
शनिवार शाम पुल के पास बाइक, कपड़े और एक डायरी पड़ी देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। डायरी और अन्य दस्तावेजों के आधार पर बुजुर्ग की पहचान कुठौंद थाना क्षेत्र के खोजापुर गांव निवासी राजू (65) के रूप में हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अंबुज सिंह और थाना प्रभारी शिव प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति औरैया मंडी से जुड़े एक व्यापारी हैं।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यमुना नदी में संभावित तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है, जबकि क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तलाश अभियान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।