फोटो-17-रेलवे क्रासिंग बंद बंद होने से जाम में फंसे वाहन। संवाद
आटा। आटा रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार सुबह 10:20 बजे के करीब मालगाड़ी की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रेन रोक दी। 20 मिनट बाद शव हटाने के बाद ट्रेन रवाना की गई। वहीं, क्रासिंग बंद होने से जाम लग गया। इसमें गर्भवती को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी फंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रासिंग बंद थी। लोग ट्रेन निकलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान आटा थाना क्षेत्र के ग्राम दशहरी निवासी सरमन पाल (75) रेलवे ट्रैक पर चले गए। इसी दौरान एक ट्रैक से ट्रेन और दूसरे में मालगाड़ी आ गई। इस पर सरमन पाल घबरा गए और मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मालगाड़ी चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षत-विक्षत शव को हटवाकर ट्रैक को क्लियर कराया। करीब 20 मिनट तक मालगाड़ी रुकी रही। बाद में गंतव्य की ओर रवाना हो सकी। फाटक बंद रहने से क्रॉसिंग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में बारा निवासी गर्भवती खुशबू को ले जा रही एंबुलेंस भी फंसी रही।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। जीआरपी की महिला दरोगा ने मृतक की जेब की तलाशी ली तो उसके कुर्ते की जेब से एक पर्ची मिली। इसमें बेटे का मोबाइल नंबर लिखा था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि सरमन सुबह करीब साढ़े सात बजे पैदल ही गांव से निकले थे और ग्वालियर स्थित बेटियों के पास जा रहे थे। उन्हें कम सुनाई देता था।
फोटो-17-रेलवे क्रासिंग बंद बंद होने से जाम में फंसे वाहन। संवाद