एसपी को प्रार्थना पत्र देने जाते पीड़ित श्याम बाबू
- फोटो : ORAI
उरई। बुजुर्ग दंपति ने बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाकर एसपी से शिकायत की। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कै थेरी निवासी श्यामबाबू पाठक ने बताया कि उसकी जमीन बुदेलखंड एक्सप्रेसवे में चली गई। इसका उसे एक करोड़ 50 लाख रुपये मिला था। रकम में से उसने अपने पुत्र बृजेंद्र व सुरेंद्र को 50-50 लाख रुपये दे दिए थे।
इसके बाद भी सुरेंद्र उससे कई बार रुपये ले चुका है। रुपये न देने पर अक्सर उससे व पत्नी गिरजादेवी से मारपीट करता है। इसकी रिपोर्ट भी उसने उरई कोतवाली में 29 जुलाई 20 को कराई थी। अब वह धमकी देकर मुकदमा वापस लेने की कहकर मारपीट कर अभद्रता कर रहा है। पीड़ित ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, माधौगढ़ संवाद के अनुसार, ससुराल पहुंचे दामाद की किसी बात को लेकर ससुर से कहासुनी हो गई। ससुर ने युवक के साथ मिलकर दामाद की पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में दामाद को सीएचसी में भर्ती कराया गया। कोतवाली क्षेत्र के गांव डिकौली निवासी अंगद पुत्र श्रीराम की ससुराल सिहारी रोड माधौगढ़ निवासी गोविंद के यहां है। अंगद अपनी पत्नी सुमित्रा को लेने शुक्रवार की सुबह ससुराल पहुंचा। किसी बात को लेकर ससुर-दामाद में कहासुनी होने लगी। ससुर ने एक युवक के साथ मिलकर दामाद की पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अंगद को सीएचसी में भर्ती कराया। अंगद ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।