उरई। अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2019 में मेधावियों ने जमकर उत्साह दिखाया। झांसी रोड स्थित बीकेडी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में हुई परीक्षा में कुल 66.30 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षार्थियों में सिर्फ जनपद ही नहीं बल्कि राठ तक से मेधावी शामिल हुए।
परीक्षा दो वर्गों में विभाजित रही। एक वर्ग में कक्षा 9 और 10 के मेधावी तो दूसरे वर्ग में कक्षा 11 और 12 के मेधावी शामिल हुए। कुल 558 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 370 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। कक्षा 9 व 10 में 248 में से 155 और कक्षा 11 व 12 में 310 में 215 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। एल्ड्रिच स्कूल की ओर से भी परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए समुचित इंतजाम किए गए थे। डायरेक्टर अजय इटौरिया के साथ तकरीबन 40 लोगों के स्टाफ ने परीक्षा संपन्न कराई।