एट(जालौन)। क्षेत्र के बिलायां गांव में शनिवार की देर शाम से दो दर्जन से अधिक कौवों के मृत पाए जाने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना को दी। कुछ ही देर बाद पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों का कहना है कि कुछ कौवे घायल भी थे। फिलहाल उनकी शवों की जांच कराई जा रही है। अभी तक जिले में पक्षियों से संबंधित बर्ड फ्लू बीमारी के कोई लक्षण नहीं मिले है। प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा बरती जा रही है।
देर शाम बिलायां गांव स्थित आम के बगीचे में पड़े कौवों के शवों को देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम ने कुछ मृत कौवों को वहीं पर गड्ढा खोदकर दफना दिया और कुछ को जांच के लिए भेजने की बात कही है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुशवाहा का कहना है कि बीमारी की गंभीरता को देखते हुए पूरी सावधानी बरती जा रही है। शवों की जांच की जो भी रिपोर्ट आएंगी, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पहले जालौन व कदौरा क्षेत्र में भी मृत कौवे पाए गए हैं।