एट। ट्रक को ओवरटेक करते हुए डंपर ने ट्रक में कट मार दिया। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंदक में जाकर पलट गया। चालक व क्लीनर घायल हो गए। हादसे के बाद ओवरटेक करने के प्रयास में कट मारने वाला डंपर मौके से भाग गया।
एट थाना क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे पर बने टोल प्लाजा के आगे शनिवार सुबह उरई से इंदौर की ओर माल लादकर जा रहे ट्रक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ओवरटेक करते समय कट मार दिया। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर कानपुर झांसी हाईवे के किनारे खड्ड में जाकर पलट गया।
जिससे ट्रक चालक शिवकुमार पुत्र श्यामलाल कुशवाह निवासी मैहर, जिला सतना मध्य प्रदेश एवं क्लीनर तेजभान पाल पुत्र राम सूजन पाल निवासी बीना जिला सतना मध्य प्रदेश ट्रक में फंस कर घायल हो गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक व क्लीनर को बाहर निकालकर हाईवे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।