जालौन। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में डंपरों में ओवरटेक के चक्कर में भिड़ंत हो गई। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में परिचालक की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एटा से एक डंपर झांसी की ओर जा रहा था। डंपर चालक महिपाल यादव (22) निवासी चरारी थाना जयतरा, एटा अपने परिचालक पवन यादव (25) निवासी नगला मौजा, एटा के साथ डंपर लेकर हाईवे पर ग्राम गोहन के पास खड़े थे। चालक डंपर से उतरकर नीचे खड़ा था। परिचालक पवन यादव डंपर के नीचे सो रहा था।
तभी पीछे से आए डंपर ने ओवरटेक के चक्कर में पीछे से टक्कर मार दी। नीचे सो रहे परिचालक की दबकर मौत हो गई। वहीं चालक महिपाल बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची पुलिस एक्सप्रेसवे की टीम और पुलिस ने पवन को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, उरई की ओर से एक डंपर जालौन की ओर आ रहा था। उसी डंपर के आगे एक और डंपर चल रहा था। जैसे ही वह अकोढ़ी दुबे के पास पहुंचे तो पीछे चल रहे डंपर के चालक जितेंद्र घोष (45) निवासी चंद्रपुरा जतारा, टीकमगढ़ मध्यप्रदेश ने आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक करना चाहा। इससे डंपरों में टक्कर हो गई। हादसे में चालक जितेंद्र घोष व परिचालक बृजकिशोर (38) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त डंपर सड़क पर ही खड़े रहे। कुछ समय बाद पहुंची क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को सड़क से हटाया गया।