उरई। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर डंपर की स्टेपनी बदल रहे चालक को मंगलवार सुबह पीछे से आए दूसरे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टक्कर मारने वाला चालक मौके से भाग गया।
इटावा जिले के नगला छिद्दू, भरथना निवासी शनि कुमार (24) डंपर में मौरंग भरकर मंगलवार को औरैया की तरफ जा रहा था। वह जालौन कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 208 नंबर पर पहुंचा तो डंपर का पहिया पंचर हो गया। वह स्टेपनी बदलने लगा। इसी बीच पीछे से आ रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। उसकी दो वर्ष की बेटी है। उसकी मौत की खबर सुन परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पत्नी मिंकल पति के शव को देख बेसुध हो गई। वह बार-बार एक ही बात कह रही है कि वह अब किसके सहारे जिएगी।