उरई। मटर की फसल खराब होने से तनाव में आकर किसान ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। लोगों ने ट्रैक पर शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एट थाना क्षेत्र के हरदोई गूजर निवासी राघवेंद्र शरण दूरवार (52) रविवार सुबह घर से निकल आया और उसने थाना क्षेत्र के सोमई क्रॉसिंग से लगभग सौ मीटर आगे उरई की ओर से आ रही ट्रेन से कटकर जान दे दी। जानकारी पर पहुंचे भाई संदीप दूरवार ने बताया कि वह खेती करते थे। लेकिन पिछले एक सप्ताह पहले गिरे ओले से उनकी करीब दस बीघा से अधिक मटर की फसल खराब हो गई थी। जिससे वह तनाव में थे। उनके ऊपर कुछ कर्ज भी था। इसी तनाव के चलते उन्होंने ट्रेन से कटकर जान दी है। उनके दो पुत्र हैं। किसान की मौत से पत्नी अनीता सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।