उरई। शराब के नशे में धुत रोडवेज बस के चालक ने खंभे में टक्कर मार दी। इससे बस में बैठी तीन सवारियां घायल हो गईं। घटना से आसपास लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने सवारियों को उतारकर अस्पताल पहुंचाया और चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद दूसरी बस से सवारियों को कानपुर रवाना किया गया।
झांसी से कानपुर जा रही बस जैसे ही शहर कोतवाली क्षेत्र के जायसवाल होटल के पास पहुंची तभी शराब के नशे में धुत चालक कानपुर देहात के भोगनीपुर निवासी प्रवीण कुमार ने सड़क के बीच में लगे होर्डिंग के खंभे में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल क्षतिग्रस्त हो गया। बस में बैठीं तीन सवारियां कानपुर देहात के पुखरायां निवासी अंजना (40), मंजेश (32) व प्रीति (28) घायल हो गए।
घटना से बस में बैठी सवारियों में खलबली मच गई। यात्रियों ने बताया कि बस चालक शराब के नशे में धुत था। वह बार-बार कहने के बावजूद तेज रफ्तार से बस चला रहा था। कई जगहों पर बस टकराते-टकराते बची। परिचालक बलवीर ने बताया कि चालक नशे है, उसे इस बात की जानकारी नहीं है। कोतवाल अरुण कुमार राय ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है।