जालौन। नगर के मोहल्ला दबगरान में रविवार सुबह एक ड्रोन मकान की छत पर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस की जांच में पता चला कि ड्रोन पड़ोस में आयोजित शादी समारोह के लिए मंगाया गया था।
मोहल्ला दबगरान निवासी जमालू राइन ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6:19 बजे उनके मकान की छत पर किसी वस्तु के गिरने की आवाज आई। जब वह छत पर पहुंचे तो वहां कैमरा ड्रोन पड़ा मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि पड़ोस में शादी समारोह के लिए ड्रोन कैमरा मंगाया गया था। कुछ युवक उसे उड़ा कर देख रहे थे। तकनीकी खराबी के कारण नियंत्रण बिगड़ने से ड्रोन पास के मकान की छत पर आकर गिर गया।