बातचीत करते डीआरएम प्रवीण कुमार मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला
उरई। मंडल रेल प्रबंधक ने लखनऊ पुणे एक्सप्रेस में लगे स्पेशल कोच से भीमसेन से लेकर झांसी तक रेल ट्रैक का निरीक्षण किया। भीमसेन से उरई तक ट्रैक ठीक मिलने पर उन्होंने संतोष जताया।
उन्होंने बताया कि भीमसेन से उसरगांव तक ट्रैक के दोहरीकरण का काम समय से पूरा करा लिया जाएगा। साथ ही पारीछा से झांसी तक ट्रैक के दोहरीकरण का काम पूरा करा लिया गया है। इसके परीक्षण के लिए इसी माह इस ट्रैक पर ट्रेन चलाई जाएगी। झांसी मंडल के रेल प्रबंधक प्रवीण कुमार मिश्रा ने रविवार को 12104 लखनऊ पुणे एक्सप्रेस के स्पेशल कोच से भीमसेन से झांसी तक रेल ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया। सुबह साढ़े दस पर ट्रेन उरई स्टेशन पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि भीमसेन से लेकर उरई तक का ट्रैक बेहतर स्थिति में है। इस दौरान ट्रेन लगभग सौ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाई गई। ट्रैक में कहीं कोेई गड़बड़ी देखने को नहीं मिली। यह पूछने पर कि उरई से आगे सोमई गेट नंबर 172 के पास लाइन में कुछ गड़बड़ी है, इस पर उन्हाेंने कहा कि उरई से आगे जाकर देखेंगे कि क्या गड़बड़ी है। यदि गड़बड़ी होगी तो उसे तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा। जब उनसे पूछा कि ट्रैक के दोहरीकरण का काम कब तक पूरा होगा। इस पर कहा कि उसरगांव से लेकर भीमसेन तक डबल ट्रैक का काम करने वाली कंपनी का काम ठीक न होने के चलते ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है। जल्द ही रेल विकास निगम लिमिटेड टेंडर निकाल कर दूसरी कंपनी से काम पूरा कराएगी। दोहरीकरण का काम जून 2018 तक होना है। कोशिश है कि काम समय से पूरा करा लिया जाए।
उन्होंने बताया कि पारीछा स्टेशन से झांसी तक 27 किलोमीटर तक ट्रैक के दोहरीकरण का काम पूरा हो चुका है। इसके परीक्षण के लिए इसी महीने इस ट्रैक पर ट्रेन चलाई जाएगी। इस दौरान उनके साथ मंडल अभियंता ट्रैक एनएस यादव, जूही से झांसी ट्रैक के प्रभारी व मंडल अभियंता एमपी कुशवाहा, स्टेशन प्रबंधक एपी वर्मा, आरपीएफ इंस्पेक्टर एके यादव मौजूद रहे।
डीआरएम के सामने आई खामी
डीआरएम की ट्रेन जब उरई स्टेशन से आगे सोमई गेट नंबर 172 पर पहुंची तो ट्रैक में गड़बड़ी दिखी। इस बात पर उन्होंने निरीक्षण के बाद नाराजगी जताई और ट्रैक दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। मंडल अभियंता ट्रैक एमपी वर्मा ने दूरभाष पर बताया कि डीआरएम को उस स्थान पर गड़बड़ी मिली है। उन्होंने तत्काल ट्रैक दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।