आटा। कदौरा ब्लॉक के भदरेखी गांव में आठ माह पहले 12 लाख रुपये की लागत से 250 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया गया था। लेकिन नाला पूरी तरह से झाड़-झंखाड़ से पट गया है और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इसी पानी से होकर ग्रामीणों को गुजरना पड़ रहा है।
भदरेखी गांव में आठ महीने पहले पुरवा मोहल्ले के लोगों को पानी की निकासी के लिए 250 मीटर लंबा नाले का निर्माण कराया गया था। इसमें ग्राम पंचायत ने 12 लाख रुपये भी खर्च किए थे। आठ महीने में ही रखरखाव न होने के कारण नाला पूरी तरह से जाम हो गया है। नाला झाड़-झंखाड़ पटा है, जगह-जगह गंदगी जमा हो गई है। इस वजह से पानी का बहाव रुक गया है। इसके चलते आसपास के घरों की नालियों का पानी नाले की वजह सड़कों पर बह रहा है।
भदरेखी गांव के नासिर, अमित, रघुवीर, पंकज, रवि, विकास का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी उन्हें पहले की तरह ही गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। लोगों ने पंचायत से नाले की सफाई कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एक सफाई कर्मी है, जोकि सही ढंग से सफाई नही कर रहा है। कहा कि अगर जल्द सफाई और मरम्मत का काम नहीं हुआ तो बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो सकती है। इस मामले में पंचायत के प्रधान से भी कहा गया उन्होंने अनसुना कर टरका दिया, ग्रामीणों ने ब्लॉक के अधिकारियों से नाले की सफाई और नालियों के पानी की निकासी की मांग की है ताकि गांव में जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
वर्जन
जानकारी की जा रही है कि नाला किस वजह से बंद है। उसे साफ कराकर नालियों से जोड़ा जाएगा, जिससे सड़कों पर पानी न बह सके। -अरुण कुमार सिंह, बीडीओ कदौरा