आग से जला सामान बाहर निकालते लोग
- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद। डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम मुहम्मदाबाद स्थित बने एक घर में अज्ञात कारणों से लगी आग से नगदी सहित दो पुत्रों की शादी में मिले दहेज का सामान जलकर राख हो गया। सूचना के बाद भी पुलिस व दमकल कर्मी नहीं पहुंचे। इससे आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया। आग बुझाने में एक युवक भी झुलस गया। ग्रामीणो ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बुधवार तड़के मुहम्मदाबाद निवासी जहूर शाह पुत्र भूरे शाह के घर में अचानक आग लग गई। तब तक परिजन कुछ समझ पाते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना के बावजूद दमकल कर्मी मौके पर नहीं पहुचे। इससे घर मे रखी 50 हजार रुपये की नगदी सहित दो पुत्रों की शादी में मिले लाखों रुपयों का दहेज के समान जलकर राख हो गया। जहूर शाह ने बताया कि घर के सभी सदस्य सो रहे थे कि अचानक घर से आग की लपटें उठने लगी। जब तक कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बताया कि बीते साल ही दोनों पुत्र मईन शाह (25) मुबीन (29) की शादी हुई थी। दोनों पुत्रों को लाखों रुपये कीमत का समान दहेज में मिला था। एक पुत्र का पूरा समान पैक रखा था और एक पुत्र का समान प्रयोग में लाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि बीते दिनों ही उन्होंने 50 हजार रुपये की फसल बेची थी। गृहस्थी के समान के साथ रकम भी जल गई। छोटा पुत्र मईन शाह आग के चपेट में आकर झुलस गया। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों को सूचना देने के बाद भी मौके पर नही पहुंचे। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उधर, माधौगढ़ संवाद के अनुसार, एचटी लाइन की चिंगारी गेहूं के खेत में गिर गई। इससे दो बीघा खेत में फसल जलकर राख हो गई। गांव रजपुरा निवासी कुलदीप के गेहूं के खेत में दोपहर खेत से निकली एचटी लाइन से चिंगारी गिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति का कहना है कि लेखपाल तपस्या गौतम, कानूनगो मुलायम मौके पर भेजा जा चुका है। शीघ्र रिपोर्ट देने की बात कही गई है।