कोरोना हेल्प डेस्क पर जानकारी लेते एसपी ।
- फोटो : ORAI
जालौन। एसपी डॉ. सतीश कुमार ने मंगलवार को कोतवाली में कुठौंद, सिरसाकलार व जालौन थानों का अर्दली रूम कर कोतवाली में साफ-सफाई देखी। कोतवाली गेट के पास जलभराव देख जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोतवाली में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के हाथों को सैनिटाइज कराएं। साथ ही बिना मास्क के किसी भी व्यक्ति को कोतवाली में प्रवेश की अनुमति न दें।
कोतवाली में कोरोना हेल्प डेस्क पर पहुंचकर सबसे पहले मास्क, सैनिटाइजर की उपलब्धता देखी। उन्होंने मालखाना व अभिलेखों का रखरखाव देखकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। फिर पता चला कि जालौन में 49, कुठौंद में 39 व सिरसा कलार में 23 विवेचनाएं लंबित हैं तो उन्होंने शीघ्र निस्तारण के निर्देश विवेचकों को दिए। अधीनस्थों के साथ बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए। यदि कोई अराजकता फैलाने की कोशिश करे तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई करें। महिला अपराधों और आईटी अपराधों पर विशेष नजर रखें। कोरोना महामारी को देखते हुए सोशल डिस्टेंस का पालन कराएं। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। इस दौरान सीओ सुबोध गौतम, कोतवाल रमेशचंद्र मिश्रा, कुठौंद प्रभारी अरुण तिवारी, सिरसाकलार प्रभारी अशोक कुमार वर्मा आदि रहे।