उरई। राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर सोमवार को डीएम राजेश कुमार पांडेय व एसपी डॉ दुर्गेश कुमार ने जरूरी दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, लाइटिंग आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, कंट्रोल रूम की व्यवस्था, प्रकाश की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से आयोजित की जाए। डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था इंतजाम है, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पहुंचने के निर्देश हैं।
परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूर्णतया प्रतिबंधित है। एसपी ने कहा कि किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसडीएम जालौन विनय कुमार मौर्य आदि अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि जिले में परीक्षा को लेकर 15 केंद्र बनाए गए हैं।