जालौन। रविवार की रात फुटकर सब्जी मंडी में आग लग गई। दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। तब तक दो दुकानों में रखी 60 हजार रुपये की सब्जी जल गई।
नगर के बीच पुलिस चौकी के सामने स्थित फुटकर सब्जी मंडी में रात करीब 12 बजे आग की लपटें उठने लगीं। सब्जी की दुकानों से निकलते धुआं और टट्टरों की लपटों को देखकर कर आसपास घरों में रह रहे लोगों ने दमकल और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित, एसआई देशराज के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में दमकल पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी पर दुकानदार भी पहुंच गए।
आग से रिजवान बाबू पुत्र झनऊ और मुरली मनोहर निवासी साबरा बेगम पत्नी चुन्ना की दुकान में रखा लगभग 60 हजार रुपये की कीमत का आलू, प्याज, लहसुन जल गया। पूर्व राज्यसभा सदस्य श्रीराम पाल ने निरीक्षण किया। एसडीएम से मिलकर पीड़ित परिवारों को 15 दिनों का राशन उपलब्ध कराया।