उरई। जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन खराब होने के मामले में डीएम ने जिला अस्पताल के सीएमएस और सीएमओ से जवाब मांगा है। साथ ही मशीन को जल्द दुरुस्त न कराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला अस्पताल की 27 नवंबर से सीटी स्कैन मशीन खराब है। इससे मरीज परेशान हो रहे हैं। मशीन खराब होने से मरीजों को प्राइवेट में सीटी स्कैन कराने में ढाई से छह हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। इसकी खबर अमर उजाला ने तीन दिसंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इस खबर का संज्ञान लेकर डीएम ने सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा और सीएमएस डॉ. अविनेश कुमार से जवाब मांगा है।
सीएमओ ने सीटी स्कैन मशीन के इंचार्ज धीरज झा से खराबी का कारण पूछा है। सीएमएस डॉ. अविनेश कुमार ने बताया कि 27 नवंबर की सुबह आठ बजे तकनीकी खराबी आ जाने से बंद हो गई थी। नामित संस्था मेसर्स साइरैक्स कंपनी लखनऊ को जानकारी दे दी गई थी। कंपनी के प्रतिनिधि ने मशीन के सप्ताह भर में ठीक होने की बात कही है। बताया कि मशीन के सीपीयू का मुख्य बोर्ड खराब हो जाने के कारण मशीन कार्य नहीं कर रही है।