उरई। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने विगत समय में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, कारण और उनकी रोकथाम के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा की। रोडवेज बसें बस स्टैंड पर ही खड़ी हों, सड़क पर खड़ी होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके लिए उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट, सीओ, यातायात प्रभारी आदि की अगुवाई में समिति बनाई।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि वाहनों की नियमित जांच की जाए और बिना फिटनेस या प्रदूषण प्रमाणपत्र के चल रहे वाहनों पर कार्यवाही की जाए। अधिशासी अभियंता बिजली को निर्देश दिए गए कि जर्जर बिजली के पोल और तारों की पहचान कर विशेष अभियान चलाकर सड़क मार्ग से उन्हें तुरंत बदला जाए। डीआईओएस व बीएसए को विद्यालयों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा को निर्देशित किया कि वाहन चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अभियान चलाया जाए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतात्मक चिन्ह एवं सुरक्षा स्लोगन लगाए। बैठक में सीडीओ केके सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, एआरटीओ प्रशासन सुरेश कुमार, प्रवर्तन राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अमित सक्सेना आदि रहे।