बैठक लेते डीएम नरेंद्र शंकर पांडेय।
- फोटो : amar ujala
उद्योग बंधुओं का उद्योग स्थापना एवं संचालन में हर स्तर पर अधिकारी सहयोग करें, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में जनपद अग्रणी बने। यह बात जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडे ने कलक्ट्रेट सभाकक्ष में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापना से जनपद का विकास होता है और रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं।
निर्देश दिया कि औद्योगिक क्षेत्र उरई के प्रथम व द्वितीय फेस की सड़कों की मरम्मत के लिए फिर टेंडर कराकर कार्य कराया जाए। उरई से नदीगांव मोड़ तक सड़क निर्माण 14 किमी तक पूर्ण कर लिया गया है, शेष पर कार्य चल रहा है। औद्योगिक आस्थान कोंच में जलभराव व जलनिकासी के लिए मलंगा नाला में बाढ़ से आने वाले पानी की निकासी को एक नाला निर्माण कराया जाएगा। शहरी क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइन के नीचे गार्डिंग लगाए जाने को टेंडर हो चुके है।
कालपी एवं अन्य स्थानों के हस्तशिल्पियों के लिए इलाहाबाद से 281 आर्टीजन कार्ड प्राप्त हो गए हैं, जिन्हें शीघ्र बंटवाया जाएगा। बैठक में उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना संबंधी ऋण आवेदन पत्रों की जांच हो चुकी है तथा 81 आवेदन विभिन्न बैंकों की शाखाओं में भेजे जा चुके हैं। आठ की स्वीकृति तथा छह आवेदकों को ऋण वितरण कराया जा चुका है। बैठक में बाजार में सामान खरीदने आने वाले व्यापारियों के वाहनों की पार्किग की समस्या को उठाया गया। इसमें जिलाधिकारी ने पालिका ईओ को निर्देश दिए कि व्यापारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्था करे। वही बाजार में शौचालय की भी समस्या को उठाया गया। इसे जल्द से जल्द बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता रमेश चंद्रा, तरनवीर सिंह, ईओ रविंद्र कुमार, व्यापारी नेता सत्यपाल शर्मा, अशोक द्विवेदी, रामप्रकाश पुरवार, गोविंद सिंह, सुनील लोहिया आदि अधिकारी उपस्थित रहे।