कुठौंद। थाना क्षेत्र के बिचौली गांव में जुआ खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने चौकी इंचार्ज की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 17 अक्तूबर की रात करीब 10:22 बजे डायल 112 पर बिचौली गांव में मारपीट और फायरिंग की सूचना मिली थी। इस पर पीआरवी 8830 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि गांव में जुआ खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान मदारीपुर निवासी राधा बल्लभ त्रिपाठी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवा में दो फायर किए। मारपीट में राधा बल्लभ त्रिपाठी और दूसरे पक्ष के सुभाष वाल्मीकि घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई।
चौकी इंचार्ज हदरूख मुकेश गौतम की तहरीर पर पुलिस ने बिचौली निवासी रैना सिंह, ब्रजेश कोरी, हरिओम, राजा, सुभाष और राधा बल्लभ त्रिपाठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक विजय पांडेय ने बताया कि सुभाष और रैना सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।