उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाहर रविवार दोपहर छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। मामूली बात पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मेडिकल कॉलेज के बाहर रविवार को कुछ छात्र खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई और देखते-देखते विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद मेडिकल चौकी के सिपाही पहुंचे और छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया। मेडिकल चौकी प्रभारी संदीप वर्मा ने बताया कि छात्रों के दो गुटों में मामूली धक्का-मुक्की हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर भेज दिया। इस संबंध में किसी ने तहरीर नहीं दी है। विवाद करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी में करीब 12 छात्रों के बीच विवाद की बात सामने आई है। सोमवार को इस प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो भी छात्र अनुशासनहीनता में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि विवाद से संबंधित कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।