उरई। सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा को शासन ने भले ही आठ अगस्त को पदोन्नत कर अपर निदेशक वाराणसी मंडल के पद पर तैनात कर दिया है, लेकिन वह जिले से मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। झांसी मंडल की अपर निदेशक डॉ. सुमन ने उन्हें दो पत्र लिखकर तत्काल पदभार छोड़कर लेवल 4 के चिकित्साधिकारी को पदभार सौंपने के आदेश दिए हैं। इसके बावजूद सीएमओ ने पद नहीं छोड़ा है।
बता दें कि 28 अगस्त 2021 को एनडी शर्मा ने ऊषा सिंह के स्थान पर जिले में सीएमओ का पद संभाला था। इस दौरान सीएमओ का कार्यकाल विवादोंं से भरा रहा। उनके एक वीडियो ने भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं थीं। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उनके कार्यकाल में संविदा भर्ती और चिकित्सकों व स्टाफ की तैनाती पर भी सवाल उठते रहे हैं। पिछले दिनों संविदा चिकित्सक भर्ती के मामले में आरोप लगने के बाद डीएम राजेश कुमार पांडेय ने नए सिरे से साक्षात्कार कराए थे।
यह बात दीगर है कि सीएमओ का तबादला आदेश जारी हो गया, लेकिन भर्ती का परिणाम नहीं निकला। सीएमओ का पद न छोड़ने पर कई लोगों ने शासन स्तर पर शिकायतें भी की हैं, लेकिन शिकायतों से बेपरवाह सीएमओ लगातार बैठकें व निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार को तो उन्होंने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में भी हिस्सा लिया। इसकी शिकायतें भी एडी झांसी मंडल डॉ़. सुमन के पास लगातार पहुंच रही हैं।
बता दें कि सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा के तबादले के बाद एडी ने संयुक्त निदेशक स्तर के जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. डीके भिटौरिया को चार्ज देने के आदेश भी दिए थे, लेकिन अभी तक उनके आदेश का अनुपालन नहीं हुआ है।
इसी बीच जानकारी मिल रही है कि डीएम राजेश कुमार पांडेय ने झांसी मंडलायुक्त को पत्र लिखकर सीएमओ को जालौन जनपद में ही अग्रेतर तैनाती का अनुरोध किया था। हालांकि, एडी डॉ. सुमन ने इसे नियमानुसार गलत बताते हुए कहा कि जालौन जिले में लेवल 5 स्तर का पद स्वीकृत नहीं है। डॉ. शर्मा का लेवल 5 पद पर प्रमोशन हो गया है, उन्हें चार्ज छोड़कर नवीन तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना चाहिए और लेवल 4 के चिकित्साधिकारी को पदभार सौंपना चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा का पद न छोड़ना उच्चाधिकारियों के आदेश की अवेहलना है।